नई दिल्ली| भारत में बीते 24 घंटों में रविवार को 54,735 नए कोरोनोवायरस मामले सामने आए हैं। नए मामलों के साथ देश में कोरोना के मामले 17,50,723 हो गए हैं। यह जानकारी स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के ताजा आंकड़ों से मिली है। वहीं 24 घंटे की अवधि में 853 लोगों ने कोरोनावायरस के कारण दम तोड़ दिया।
संक्रमण के कुल 17,50,723 मामलों में से, 5,67,730 मामले सक्रिय हैं, वहीं 11,45,629 लोग बीमारी से उबर गए और उन्हें छुट्टी दे दी गई है, जबकि वायरस से लड़ाई में 37,364 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। मंत्रालय ने कहा कि 64.53 प्रतिशत की रिकवरी दर के साथ, पिछले 24 घंटों में कुल 51,255 लोगों को छुट्टी दे दी गई। वहीं देश में मृत्यु दर 2.15 प्रतिशत है।
अब तक कुल 1,98,21,831 नमूनों का टेस्ट किया गया है, जिनमें से पिछले 24 घंटों में 4,63,172 टेस्ट हुए। भारत में वर्तमान में कुल 1,344 लैब हैं जो काम कर रही हैं और कोविड-19 टेस्ट करने में सक्षम हैं, इनमें से 913 सरकारी हैं जबकि 431 निजी हैं। महाराष्ट्र में संक्रमण के मामलों ने 4,20,000 आंकड़ों को पार कर लिया है। यह देश का सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य रहा है, जहां 14,994 मौतें हुईं हैं। इनमें से 265 मौतें पिछले 24 घंटों में हुईं।
तमिलनाडु में 2,45,859 मामले और 3,935 मौतों के मामले दर्ज किए गए हैं। राज्य में पिछले 24 घंटों में 97 मौतें दर्ज की गई हैं।
गंभीर स्थिति के बीच दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से अच्छी खबर आ रही है, जहां सक्रिय मामलों की संख्या में गिरावट देखी गई। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 37 कम मामले दर्ज किए, वहीं हरियाणा में 180 सक्रिय मामले कम हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश में 14 मामलें कम हो गए हैं। मिजोरम, त्रिपुरा और उत्तराखंड में भी सक्रिय मामलों की संख्या में गिरावट देखी गई। वहीं वैश्विक स्तर पर भारत अभी भी तीसरा सबसे अधिक प्रभावित राष्ट्र बना हुआ है।