राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुतले को गोली मारने का एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो ने यह दिखला दिया है कि गांधी के देश में गांधी के कातिल अब भी जिंदा हैं। इसकी तीब्र प्रतिक्रिया हो रही है, जिसके बाद आरोपी महिला और उसके पति को गिरफ्तार कर पुलिस ने कार्रवाई शुरु कर दी है। गांधी के पुतले को गोली मारने के मामले में हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव पूजा शकुन पांडेय और उनके पति अशोक पांडेय को हिरासत में लिया गया और 13 अन्य पर मामला दर्ज किया गया। इस घटना के बाद गांधीवादी विचारक और समर्थक सवाल कर रहे हैं कि क्या गांधी के देश में गांधी के कातिल अब भी खुलेआम घूमते नजर आएंगे, क्योंकि इस घटना ने बतला दिया है कि नाथूराम गोडसे को महात्मा बताने वाले लोग देशभक्त तो नहीं हो सकते, क्योंकि उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुतले को गोली मारकर अपने नापाक इरादों को ही जाहिर करने का काम किया है।