लखनऊ| उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में बुधवार को मौसम साफ रहा और तेज धूप रही। प्रदेश में अब गर्मी का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग ने राजधानी सहित कई इलाकों के तापमान में वृद्धि होने की संभावना जताई है। उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, बुधवार को दिन में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा और तेज धूप रहेगी। पश्चिमी उप्र के कई जिलों के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्घि होने का अनुमान है। बुंदेलखंड में भी तापमान में बढ़ने से गर्मी बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
लखनऊ के अलावा बुधवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 18. 5 डिग्री, कानपुर का 16 डिग्री, झांसी का 17. 7 डिग्री और गोरखपुर का 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।