नोएडा
नोएडा में पुलिस पर फायरिंग कर भागा शातिर लुटेरा ‘नेवला’ घायल
नोएडा। थाना सेक्टर-49 पुलिस ने देर रात एक मुठभेड़ के दौरान एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई। उसके पास से लूटे गए एक मोबाइल फोन, चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस उपायुक्त जोन प्रथम मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि 14 जनवरी की रात थाना सेक्टर-49 पुलिस सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन के आसपास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बदमाश बाइक पर आता दिखा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई, और उसने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जो कि पिंटू उर्फ नेवला (25 वर्ष) के पैर में लगी। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपर उपायुक्त ने बताया कि उसके पास से लूटे गए एक मोबाइल फोन, चोरी की मोटरसाइकिल, देसी तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाश ने खुलासा किया कि उसने 13 जनवरी को अपने साथी के साथ मिलकर सेक्टर-48 में एक महिला से मोबाइल फोन लूटा था। बरामद मोटरसाइकिल थाना सूरजपुर क्षेत्र से चोरी की गई थी। आरोपी पहले भी हत्या के प्रयास, चोरी और लूटपाट जैसे विभिन्न मामलों में नौ बार जेल जा चुका है और पुलिस पर पहले भी जानलेवा हमले कर चुका है। उसे पहले सेक्टर-24 और सेक्टर-58 पुलिस ने भी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था।