नोएडा
नोएडा में होटल में युवती से बलात्कार, छात्रा को पूर्व प्रेमी ने अश्लील वीडियो वायरल करने की दी धमकी
नोएडा। थाना सेक्टर-58 में महिला उत्पीड़न के दो मामले दर्ज किए गए हैं। एक युवती ने थाने में शिकायत करते हुए बताया कि एक युवक ने उसे शादी का झांसा देकर कई दिनों तक बलात्कार किया और अब वह विवाह से इनकार कर रहा है। वहीं, दूसरे मामले में एक छात्रा ने इसी थाने में शिकायत की है कि कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उसकी एक युवक से दोस्ती हुई, जिसके बाद युवक ने उनकी निकटता की अश्लील वीडियो बना ली और अब उसे वायरल करने की धमकी दे रहा है। पीड़िताओं की शिकायतों के आधार पर पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
थाना सेक्टर-58 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि एक युवती ने शाहनवाज नामक युवक पर आरोप लगाया है कि उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ नोएडा के एक होटल में बलात्कार किया। पीड़िता के अनुसार, शाहनवाज उसे खोड़ा कॉलोनी और अन्य होटलों में लेकर गया और लंबे समय तक उसके साथ बलात्कार किया। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो शाहनवाज और उसके परिवार के लोग, जिन्हें नगमा और हिना नाम से जाना जाता है, ने उसके साथ गाली-गलौज की। यह मामला पहले खोड़ा थाना में दर्ज हुआ था और अब इसे थाना सेक्टर-58 में स्थानांतरित किया गया है।
दूसरे मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि एक युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह लखनऊ के एक कॉलेज में 2019 से 2021 तक पढ़ाई की। उसे वहां शाबाद अली नामक युवक से दोस्ती हुई, जिसने उसकी अतरंग समय की अश्लील वीडियो बना ली और उसे वायरल करने की धमकी देने लगा। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने 2023 में उसके क्रेडिट कार्ड से 30 हजार रुपए निकाल लिए। जब युवती ने उसका फोन उठाना बंद किया, तो आरोपी ने उसे धमकी देना शुरू कर दिया और डराने-धमकाने वाले संदेश भेजने लगा। जब पीड़िता ने उसे नजरअंदाज किया, तो उसने उसके परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों को वीडियो वायरल करने की धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।