नोएडा
मुख्यमंत्री दर्पण डैशबोर्ड की समीक्षा में गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट ने हासिल की पहली स्थिति
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने मुख्यमंत्री दर्पण डैशबोर्ड की समीक्षा में उत्तर प्रदेश के सभी कमिश्नरेट में पहला स्थान हासिल किया है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि दिसंबर 2024 में मुख्यमंत्री दर्पण डैशबोर्ड की समीक्षा में गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट ने उत्तर प्रदेश के सभी कमिश्नरेट में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है, जबकि सभी जनपदों में इसे दूसरा स्थान मिला है।
112 पीआरवी रिस्पांस टाइम, कुल पंजीकृत शिकायतों और उनके निस्तारण (1090), आईजीआरएस एवं जनसुनवाई, अग्नि सुरक्षा एनओसी जारी करने, आग से नुकसान का आकलन, महिलाओं के प्रति अपराधों जैसे हत्या, बलात्कार, दहेज, अपहरण, पोक्सो एक्ट के तहत कार्यवाही, अनुसूचित जाति व जनजाति के अपराधों पर कार्रवाई, वांछित अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई, उप्र गिरोहबंद अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही, गुण्डा अधिनियम, गोवध निवारण अधिनियम, आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस अधिनियम, चालान 34 पुलिस एक्ट के अंतर्गत, चरित्र प्रमाण पत्र, कर्मचारी सत्यापन, किरायेदार व घरेलू सहायता सत्यापन, शिकायत- सीसीटीएनएस, कार्यक्रम, प्रदर्शन अनुरोध, जूलूस अनुरोध, पोस्ट-मार्टम रिपोर्ट अनुरोध आदि में त्वरित कार्रवाई करने के कारण गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट को ‘ए’ की रैंकिंग प्राप्त हुई है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री दर्पण डैशबोर्ड में पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं और इकाइयों की कार्यवाहियों से संबंधित 52 बिंदुओं पर समीक्षा के बाद रैंकिंग जारी की जाती है। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा आम जनता को अधिक सुरक्षित महसूस कराने और पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।