देश
माधव टाइगर रिजर्व में होंगे दो नए बाघ – ज्योतिरादित्य सिंधिया
शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जानकारी दी है कि शिवपुरी के माधव टाइगर रिजर्व में आने वाले समय में दो और बाघ लाए जाएंगे। वर्तमान में सिंधिया ग्वालियर क्षेत्र के दौरे पर हैं और इस दौरान वे क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण उपहार देने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने गुरुवार को माधव टाइगर रिजर्व में कई प्रस्तावों की घोषणा की। संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने बताया कि पहले तीन बाघ यहां लाए गए थे, जिनमें शावक भी शामिल हैं, और अब दो और बाघ आने वाले हैं। इसके साथ ही, उन्होंने पर्यटकों के लिए सफारी वाहनों का उद्घाटन किया और स्वयं भी एक वाहन चलाया।
सिंधिया ने बताया कि माधव नेशनल पार्क को नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी द्वारा टाइगर रिजर्व का दर्जा दिया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार तक पहुंचाया। उन्होंने आगे बताया कि पिछले वर्ष 10 मार्च को दो मादा और एक नर बाघ को यहाँ लाया गया था, और अब इन मादा बाघों के शावक भी जन्म ले चुके हैं। अप्रैल तक और दो बाघ लाने की योजना है, जिसके लिए एक अलग जोन तैयार किया जाएगा ताकि उनके बीच किसी भी प्रकार का विवाद न हो।
इस अवसर पर उन्होंने पर्यटकों की सुविधा के लिए एक सोविनियर शॉप और कैफेटेरिया शुरू करने की भी घोषणा की। अब पर्यटक माधव टाइगर रिजर्व में घूमने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे, जो गुरुवार से उपलब्ध है। बताया गया कि माधव टाइगर रिजर्व के टिकट अब ऑनलाइन खरीदे जा सकेंगे और टाइगर रिजर्व की 13 किलोमीटर लंबी दीवार का निर्माण किया जा रहा है। दीवार निर्माण में जो भी कमियां रहीं हैं, उन्हें ठीक कराई जा रही हैं। चांदपाटा क्षेत्र में हो रहे रिसाव का डीपीआर भी तैयार किया जा रहा है, और वहाँ की जलकुंभी भी हटाई जा रही है।
सिंधिया ने यह भी बताया कि टाइगर रिजर्व को देश के अन्य टाइगर रिजर्वों के स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जब विकास के मुद्दे पर उनसे पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि शिवपुरी के विकास के लिए कई कार्य करने की आवश्यकता है। यहाँ एयरपोर्ट का निर्माण होना है और अडाणी का 2500 करोड़ का डिफेंस प्रोजेक्ट भी आ रहा है। मेरी कोशिश है कि शिवपुरी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाए। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन और भाजपा के अन्य नेता भी उपस्थित थे।