देश
आरके पुरम विधानसभा सीट पर भाजपा की विजय सुनिश्चित – अनिल शर्मा
नई दिल्ली। आरके पुरम विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अनिल शर्मा ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “मुझे यहां के लोगों का प्यार मिल रहा है, और मुझे पूरा विश्वास है कि इस विधानसभा सीट पर भाजपा विजयी होगी।” दरअसल, टिकट मिलने के बाद से अनिल शर्मा लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने राम मंदिर जाकर आशीर्वाद भी लिया।
वह घर-घर जाकर लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए हम पहले से ही अभियान चला रहे थे। भाजपा से टिकट मिलने के बाद आज हम गाँव के लोगों का आशीर्वाद लेने आए हैं। इस बार युवाओं का जोश स्पष्ट है। मुझे विश्वास है कि भाजपा यहां जीत हासिल करेगी, क्योंकि पिछले 10 वर्षों में लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा है।
जैसे सीवर का ओवरफ्लो होना, गंदा पानी का आना, बारात घरों का न होना, पार्किंग की व्यवस्था का अभाव और बुजुर्गों को पेंशन न मिलना। आप के विधायक ने यहां की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया है। लोगों के बीच जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति न होना चिंता का विषय है। हम सुख-दुख में हमेशा उनके साथ हैं। मुझे लगता है कि इस बार भाजपा की जीत होगी। हम मजबूती से चुनाव में उतरने जा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि वे सभी वर्गों से संपर्क करेंगे, चाहे वे झुग्गी बस्ती के लोग हों, सरकारी फ्लैट में रहने वाले हों या पॉश इलाकों के निवासी हों।
वे सभी की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करेंगे। बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान चुनाव आयोग ने कर दिया है। 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को एक चरण में मतदान होगा और परिणाम 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। आप ने 70 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है, जबकि कांग्रेस-भाजपा ने भी कुछ उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। हालांकि, बाकी सीटों के लिए दोनों पार्टियों को अब तक प्रत्याशियों के नाम घोषित करने बाकी हैं।