नोएडा
ग्रेटर नोएडा के चर्चित अमित राठौर हत्या मामले में 25 हजार रुपये का इनामी गिरफ्तार
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एस सिटी सोसायटी में रहने वाले अमित कुमार राठौर का अपहरण और हत्या का मामला, जिसमें 6 अक्टूबर 2024 को उन्हें मारा गया था, अब खुलासा हो गया है। दादरी पुलिस ने इस मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। यह हत्या 1.5 करोड़ रुपये के कमीशन के विवाद को लेकर हुई थी।
अमित राठौर बैंक से फर्जी दस्तावेजों के सहारे लोन प्राप्त करते थे, जिसके लिए उन्हें अच्छा कमीशन मिलता था। कमीशन के पैसे को लेकर अमित के सहयोगियों हिमांशु, ओमप्रकाश, सचिन और रमेश झा के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस ने पहले ही हिमांशु, ओमप्रकाश और सचिन को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि रमेश फरार था। बाद में, पुलिस ने मृतक और आरोपियों के फर्जी लोन में मदद करने वाले बैंक अधिकारियों को भी पकड़ा।
अपर पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय अशोक कुमार सिंह ने बताया कि रमेश की गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम रखा गया था, और वह काफी समय से फरार था। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उनके अनुसार, आरोपियों ने 6 अक्टूबर की रात 11 बजे अमित को फोन करके सोसाइटी से बाहर बुलाया। अमित अपनी क्रेटा कार लेकर बाहर आए, जिसके बाद आरोपी ग्रेटर नोएडा वेस्ट में किसी दूसरे सोसाइटी के पास बैठकर बातचीत करने लगे, लेकिन तभी दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
आरोपियों ने अमित के सिर पर लोहे का पंच और टायर खोलने वाला पन्ना मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद, वे शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाने लगे। इस दौरान अमित के फोन पर कई बार अन्य कॉल आए, जिन्हें आरोपियों ने स्विच ऑफ कर दिया। वे शव को ठिकाने लगाने के लिए दादरी क्षेत्र में 15 किलोमीटर दूर पहुंचे और वहां हायर कंपनी के पास शव को फेंककर, मृतक की गाड़ी लेकर फरार हो गए।
जिन स्थान पर शव को फेंका गया था, वहां के पास एक कंपनी में सीसीटीवी कैमरा लगा था। पुलिस ने फुटेज निकाली, जिसमें संदिग्ध व्यक्ति नजर आए, लेकिन कार और उनके पहचान का साफ-साफ पता नहीं चला। इसके बाद, पुलिस ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज को चेक किया और कार का नंबर पता करने में सफल रही, जिससे उन्हें आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।