देश
दिल्ली विधानसभा चुनाव में पोस्टर वार तेज, “आप” ने गृह मंत्री को कहा चुनावी मुसलमान
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के तारीखों का ऐलान होने से पहले राजनीतिक पोस्टर वार जारी है। जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अरविंद केजरीवाल का पोस्टर जारी कर उन्हें “चुनावी हिंदू” करार दिया था, वहीं आम आदमी पार्टी ने अब गृहमंत्री अमित शाह का पोस्टर जारी करते हुए उन्हें “चुनावी मुसलमान” बताया है। आम आदमी पार्टी के पोस्टर में गृहमंत्री अमित शाह की एक टोपी पहने तस्वीर है और उस पर लिखा गया है “चुनावी मुसलमान”।
आम आदमी पार्टी ने इस पोस्टर को किसी फिल्म के अंदाज में पेश करते हुए निर्माता और निर्देशक के नाम पर गृहमंत्री का नाम लिखा है। पोस्टर में चुनावी मुसलमान की रिलीज तिथि चुनाव से पहले बताई गई है। इसके अलावा, पोस्टर पर सवाल उठाया गया है, “क्या कभी आपने सोचा है कि चुनाव आते ही भाजपा को मुसलमानों की इतनी याद क्यों आती है?” इसके नीचे लिखा गया है, फीचरिंग: रोहिंग्या, बांग्लादेशी, मौलवी, मौलाना, इमाम और वक्फ बोर्ड। ध्यान देने वाली बात है कि इससे पहले भाजपा ने भी केजरीवाल के खिलाफ इसी तरह का पोस्टर जारी किया था।
जिस दिन अरविंद केजरीवाल ने ‘पुजारी ग्रंथी सम्मान योजना’ की शुरुआत की, जिसमें मंदिर के पुजारियों और गुरुद्वारों के ग्रंथियों को 18,000 रुपये का मासिक भत्ता देने का वादा किया गया, उसके बाद भाजपा ने उन्हें “चुनावी हिंदू” कहा। भाजपा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में केजरीवाल का मजाक उड़ाते हुए उन्हें बॉलीवुड फिल्म ‘भूल भुलैया’ के छोटे पंडित के लुक में दर्शाया। इसके जवाब में आम आदमी पार्टी ने भाजपा को चुनौती दी कि वह उन 20 राज्यों में भी ऐसी योजनाएं शुरू करे, जहां भाजपा की सरकार है।