Entertainment
दीपिका पादुकोण को प्रभास और अन्य सितारों ने दी जन्मदिन की बधाई
मुंबई। प्रसिद्ध और खूबसूरत अभिनेत्री दीपिका पादुकोण रविवार को अपने 39वें जन्मदिन का जश्न मना रही हैं। उनके इस खास दिन पर प्रशंसकों और फिल्म उद्योग के कई सितारों ने उन्हें बधाई दी है। रकुल प्रीत सिंह, प्रभास सहित अनेक कलाकारों ने सोशल मीडिया पर दीपिका को शुभकामनाएं भेजी हैं। दक्षिण भारतीय सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक अपनी अदाकारी का लोहा मनवाने वाले अभिनेता प्रभास ने इंस्टाग्राम पर दीपिका की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “प्रतिभाशाली दीपिका पादुकोण को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। आपको सफलता और खुशियों के साथ कभी न खत्म होने वाली मुस्कान मिले।”
अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने भी दीपिका को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और अपने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीपिका! आपका साल प्यार, हंसी और अनगिनत खूबसूरत पलों से भरा हो। यह दिन आपको वह सभी खुशियां दे जिनकी आप हकदार हैं और आने वाला साल आपके लिए और भी शानदार हो। अपने जश्न के हर पल का आनंद लें!” दीपिका पादुकोण फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हैं। हाल ही में, वह पंजाब के प्रसिद्ध गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट ‘दिल-लुमिनाटी टूर’ में शामिल हुई थीं। उसके बाद वह अपनी बेटी के साथ एयरपोर्ट पर स्पॉट की गईं, जहां उन्हें लाल रंग की ओवरसाइज्ड शर्ट में देखा गया। उन्होंने अपने लुक को बड़े सनग्लासेस के साथ पूरा किया।
दीपिका ने 7 दिसंबर को बेंगलुरु में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में उनके साथ मंच पर प्रदर्शन किया था। एक प्रशंसक द्वारा फिल्माए गए वीडियो में उन्हें गायक के साथ ‘हस हस’ गाते हुए देखा गया। दोनों ने दिलजीत के सिंथ-पॉप ट्रैक ‘लवर’ पर भी डांस किया। यह कार्यक्रम दीपिका के लिए खास था क्योंकि उन्होंने अपनी बेटी दुआ के जन्म के बाद पहली बार किसी सार्वजनिक आयोजन में भाग लिया। पिछले साल मां बनीं दीपिका और उनके पति रणवीर सिंह ने 1 नवंबर को अपनी बेटी का नाम अपने फैंस के साथ साझा किया था। दीपिका ने इंस्टाग्राम पर अपनी बेटी के पैरों की तस्वीरें साझा करते हुए कैप्शन लिखा, “दुआ पादुकोण सिंह।” इसके साथ ही उन्होंने बताया कि ‘दुआ’ का अर्थ ‘प्रार्थना’ होता है, क्योंकि वह उनकी प्रार्थनाओं का उत्तर है। दीपिका पादुकोण के वर्कफ्रंट के बारे में बात करें तो वह पति रणवीर सिंह के साथ ‘सिंघम अगेन’ में नजर आई थीं।