ग़ाजियाबाद
प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट काक का गाजियाबाद में निधन हुआ
गाजियाबाद। प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट काक का निधन हो गया है। “काक” उनके पहचानने योग्य नाम के तौर पर जाने जाते थे, जबकि उनका असली नाम हरीश चंद्र शुक्ला था। काक के कार्टून और चित्रों ने भारतीय समाज के विभिन्न पहलुओं को बखूबी दर्शाया। उनका निधन एक बड़ी क्षति है और उनके प्रशंसकों के लिए यह अत्यंत दुखद समाचार है। काक का अंतिम संस्कार गाजियाबाद में किया जाएगा, जहां उनके परिवार और करीबी लोग उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।
हरीश चंद्र शुक्ला का जन्म 16 मार्च 1940 को उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के एक छोटे से गाँव पुरा में हुआ था। वे पेशेवर रूप से एक भूतपूर्व मैकेनिकल इंजीनियर थे, जबकि उनके पिता, शोभा नाथ शुक्ला, एक स्वतंत्रता सेनानी थे। काक के कार्टूनों का एक ऐसा स्वर्णिम काल 1983 से 1990 के बीच था, जब अखबार पढ़ने वाले ज्यादातर लोग पहले काक के कार्टून देखते थे और फिर हेडलाइंस पढ़ते थे। उनकी हास्य की भावना और चुटीले कटाक्ष में विशेष ताजगी थी। उनके कार्टून दैनिक राजनीतिक घटनाओं का सटीक विश्लेषण करते थे। हालाँकि आज की पीढ़ी शायद काक से बहुत परिचित नहीं है, उनके कार्टूनों ने उस समय में शानदार पहचान बनाई थी।
काक को उनके योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा गया। उन्हें 2003 में हिंदी अकादमी दिल्ली द्वारा “काका हाथरसी सम्मान” प्राप्त हुआ। उसी वर्ष, एर्नाकुलम (कोच्चि) में आयोजित कार्टून शिविर के दौरान उन्हें केरल ललित कला अकादमी और केरल कार्टून अकादमी द्वारा भी सम्मानित किया गया। 2009 में, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कार्टूनिस्ट्स, बैंगलोर ने उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा। उसी साल कार्टून वॉच द्वारा आयोजित एक महोत्सव में उन्हें डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वारा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड भी मिला। इसके बाद, 2016 में उन्हें पत्रकारिता में उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया, और 2017 में भारतीय प्रेस परिषद द्वारा भी उनका सम्मान किया गया।
ग़ाजियाबाद
गाजियाबाद की खोडा कालोनी में ट्रांसफार्मर फटने से 5 लोग झुलसे, घटना का वीडियो वायरल
गाजियाबाद। करंट क्राइम। गाजियाबाद की खोडा कॉलोनी में शुक्रवार को एक हादसे में कई लोग जख्मी हो गए। राजीव विहार में एक ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि ट्रांसफार्मर के अंदर भरा उबलता हुआ तेल छिटककर वहां से गुजर रहे लोगों पर जा गिरा। गर्म तेल गिरने से कई लोगों के कपडों में आग लग गई। लोगों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। पूरी घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक आग की लपटों के बीच तेजी से भागता नजर आता है।
इस घटना में पांच लोग बुरी तरह झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि तेल गिरने के बाद एक लडका चीखते हुए सड़क पर दौड़ता रहा। लोगों ने उसके शरीर पर लगी आग को बुझाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को ट्रांसफार्मर से दूर हटाया। लोगों का कहना है कि धमाका इतना तेज था कि ऐसा लगा जैसे कोई बम फट गया हो। सूचना देने के बाद भी विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे। हादसे में कमलेश चौधरी, अभिनव, अजीत, अनिल और कमल झुलसे हैं।
Uncategorized
गाजियाबाद के लोनी में जले हुए ऑटो के अंदर मिली एक व्यक्ति की जली हुई लाश
गाजियाबाद। करंट क्राइम। लोनी के ट्रोनिका सिटी थाना में एक व्यक्ति के जली हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई। व्यक्ति की लाश एक जले ही ऑटो के अंदर मिली है। औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर डी वन घिटोरा मार्ग के किनारे बंजर जमीन पर बुधवार सुबह लोगों ने एक जला हुआ ऑटो देखा। करीब से देखने पर ऑटो के अंदर जली हुई लाश मिली।
जानकारी के अनुसार, मार्ग से 100 मीटर की दूरी नीचे खेत पर जले हुए एक आटो के अंदर एक आदमी बुरी तरीके से जला हुआ मिला।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुला कर पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। यह भी पता किया जा रहा है कि यह ऑटो यहां कैसे आया और किसका है। अभी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
ग़ाजियाबाद
गाजियाबाद में महिला दारोगा को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते किया गिरफ्तार
गाजियाबाद। करंट क्राइम। जिले में महिला थाने में तैनात दारोगा भुवनेश्वरी सिंह को एंटी करप्शन की टीम ने 45 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। मामला दहेज के मामले की जांच से जुड़ा हुआ है।
आरोपी दारोगा सितंबर में महिला थाना पुलिस द्वारा एक बदमाश का एनकाउंटर करने वाली टीम में भी शामिल थी। महिला दारोगा की रिपोर्टिंग चौकी साहिबाबाद में तैनाती है। मूल रूप से अलीगढ़ की रहने वाली है।
मेरठ की एंटी करप्शन की टीम ने कार्रवाई की है। दहेज उत्पीड़न के एक मामले में आरोपी का नाम निकालने की एवज में रिश्वत मांग रही थी। साहिबाबाद थाने पर मुकदमा लिखा जा रहा है।
