नोएडा
नोएडा प्राधिकरण के दो दिवसीय शीतकालीन महोत्सव का सांसद ने किया उद्घाटन
नोएडा। आज से दिल्ली के कनॉट प्लेस के रूप में मशहूर सेक्टर-18 के जी ब्लॉक में दो दिवसीय विंटर कार्निवल का आयोजन शुरू हुआ। यह कार्निवल नोएडा प्राधिकरण द्वारा "नोएडा कनेक्ट" नाम से आयोजित किया गया है। इसका उद्घाटन सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा ने फीता काटकर किया।
नोएडा प्राधिकरण के आयोजन में, सेक्टर-18 में स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए विभिन्न स्टॉल लगाए गए हैं। इसके साथ ही, खाने-पीने के स्टॉल भी मौजूद हैं। लाइव बैंड परफॉरमेंस और सांता इस कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण हैं। छुट्टी का दिन होने के कारण पहले दिन लोगों का उत्साह देखते ही बनता था।
"नोएडा कनेक्ट" के तहत आयोजित विंटर कार्निवल में मेहंदी आर्ट, वर्ली आर्ट, टैटू आर्ट, मधुबनी आर्ट, गोंड आर्ट, लिप्पन आर्ट, और मिट्टी की कलाकृतियों सहित कई कलात्मक विधाओं की प्रदर्शनी लगी है। इसके अलावा, रेडीमेड गारमेंट्स, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, बैग्स, मोबाइल एक्सेसरीज, खिलौने और हस्तशिल्प जैसी खरीदारी के लिए भी स्टॉल स्थापित किए गए हैं। बच्चों के लिए कहानी, क्ले क्राफ्ट, और ड्राइंग जैसी गतिविधियों के साथ मनोरंजन का विशेष ध्यान रखा गया है। सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए खाने-पीने का भी उचित प्रबंध किया गया है। यह कार्यक्रम दो दिनों तक, दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 9 बजे तक चलेगा।
नोएडा के सीईओ डा. लोकेश एम ने बताया कि कार्यक्रम की सफलता के आधार पर भविष्य में इसे नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित करने की योजना है, ताकि अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य परिवारों को सप्ताहांत में एक संपूर्ण और मनोरंजन का अनुभव प्रदान करना है। विंटर कार्निवल के उद्घाटन के समय एसीईओ संजय खत्री, एसीईओ वंदना त्रिपाठी, भाजपा नोएडा जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, और एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।